अजय देवगन की दृश्यम फ्रेंचाइज़ी की तीसरी फिल्म दृश्यम 3 की घोषणा हो चुकी है।
इस फ्रेंचाइज़ी की पहली फिल्म दृश्यम 2015 में रिलीज़ हुई थी। फिल्म में अजय देवगन विजय सलगांवकर के रोल में दिखे थे, जो अपने परिवार को बचाने के लिए एक पुलिस अधिकारी के बेटे का मर्डर करता है। इसी मर्डर की जांच और लाश की तलाश को फिल्म में दिखाया गया है। हालांकि, फिल्म के अंत तक भी पुलिस को लड़के की बॉडी नहीं मिलती और वे विजय सलगांवकर को दोषी भी साबित नहीं कर पाते। इस सस्पेंस थ्रिलर कहानी को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला, जिसके बाद मेकर्स दृश्यम 2 लेकर आए।
दृश्यम 2 में भी उसी लड़के के मर्डर की कहानी आगे बढ़ती है। लेकिन इस बार पुलिस ऑफिसर के रोल में अक्षय खन्ना की एंट्री होती है, जो एक बेहद सख्त अधिकारी है। हालांकि, अक्षय खन्ना भी अजय यानी विजय को दोषी साबित नहीं कर पाते। और अब इस फिल्म का तीसरा पार्ट आने वाला है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस पार्ट में भी अक्षय खन्ना नजर आएंगे। अक्षय एक बार फिर पुलिस ऑफिसर बनकर अजय देवगन के किरदार से टकराएंगे। रिपोर्ट्स यह भी बताती हैं कि इस फिल्म में अक्षय आखिरी बार अजय को मात देने की कोशिश करेंगे। वे सफल होंगे या नहीं, यह फिल्म रिलीज़ होने पर ही पता चलेगा।
दृश्यम 3 में अजय देवगन के साथ पहले के सभी प्रमुख कलाकार भी नजर आएंगे। इस बार भी तब्बू दिखेंगी और अक्षय खन्ना भी होंगे। साथ ही नए कलाकारों की भी एंट्री होगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म में बॉलीवुड एक्टर श्रेयस तलपड़े जुड़ चुके हैं। हालांकि, वे किस तरह के रोल में नजर आएंगे, यह अभी साफ नहीं हुआ है और न ही उनकी एंट्री की आधिकारिक घोषणा हुई है।
#ajaydevgan #AkshayeKhanna #ShreyasTalpade #Drishyam3
