बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा ने द आर्चीज फिल्म से अपना करियर शुरू किया था।
यह फिल्म ओटीटी पर रिलीज़ हुई थी। इस फिल्म के बाद अब अगस्त्य इक्कीस से बड़े पर्दे पर डेब्यू कर रहे हैं। यह फिल्म 1 जनवरी को रिलीज़ होगी। इसमें अगस्त्य नंदा सेकंड लेफ्टिनेंट अरुण खेतरपाल के किरदार में नज़र आएंगे। यह फिल्म परमवीर चक्र से सम्मानित सेकंड लेफ्टिनेंट अरुण खेतरपाल के जीवन पर आधारित है। यह एक देशभक्ति फिल्म है।
हाल ही में अगस्त्य नंदा की इस फिल्म का ट्रेलर रिलीज़ हुआ है, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया है। ट्रेलर रिलीज़ के बाद 22 दिसंबर को मुंबई में फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग रखी गई, जिसमें कई स्टार्स पहुंचे। अमिताभ बच्चन भी अपने नाती की फिल्म इक्कीस देखने स्पेशल स्क्रीनिंग में पहुँचे। फिल्म देखने के बाद अमिताभ ने उसकी तारीफ की। नाती को बड़े पर्दे पर देखकर अमिताभ भावुक भी हो गए।
इक्कीस देखने के बाद अमिताभ बच्चन ने एक ब्लॉग लिखा। अपने ब्लॉग में उन्होंने लिखा कि “जब भी वह फ्रेम में आता है, मेरी नज़रें उसी पर ठहर जाती हैं। उसकी परिपक्वता, उसके अभिनय की निष्पक्ष ईमानदारी, उसका प्रभाव जो उसके निभाए गए किरदार के साथ पूरी तरह न्याय करता है।”
आगे अमिताभ ने लिखा कि “बिना किसी बनावट, बिना किसी दिखावे के…बस अरुण खेतरपाल नाम का वह सिपाही, जिसने 1971 के भारत-पाक युद्ध में 21 वर्ष की उम्र में अपनी बहादुरी से देश की रक्षा की… कुछ भी अतिशयोक्तिपूर्ण नहीं, हर शॉट में केवल पूर्णता… जब वह फ्रेम में होता है, आप बस उसी को देखते हैं। और यह एक दादा नहीं कह रहा, यह एक अनुभवी और कठोर सिनेमा दर्शक कह रहा है। फिल्म अपनी प्रस्तुति, लेखन और निर्देशन में बेमिसाल है।”
#AgastyaNanda #AmitabhBachchan #ikkisreview #IkkisMovie #bollywoodupdatehindi
